चेन्नई , मार्च 17 -- अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के राज्यसभा सांसद और पूर्व कानून मंत्री सी. वी. षणमुगम के एक अभिनेत्री के संबंध में विवादास्पद बयान से राज्य में विवाद खड़ा हो गया है।
राज्य में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों के खिलाफ पार्टी ने एक विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया था। सांसद अपने पैतृक जिले में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे, जहाँ उन्होंने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के कार्यक्रम 'हमें अपना सपना बताएं' की आलोचना करते हुए अचानक कहा, "मुझे नयनतारा चाहिए, क्या आप इसे पूरा करेंगे? क्या मुख्यमंत्री नयनतारा से शादी करने के किसी के सपने को पूरा करेंगे?"श्री षणमुगम के इस टिप्पणी से विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं में रोष फैल गया और उन्होंने उनसे बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग की।
तमिलनाडु कांग्रेस समिति (टीएनसीसी) के अध्यक्ष के. सेल्वापेरुन्थागाई सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने श्री षणमुगम पर अभिनेत्रियों को नीचा दिखाने का आरोप लगाया और उनसे बिना शर्त माफी की मांग की।उन्होंने यह भी कहा कि टीएनसीसी महिला मोर्चा की सदस्य राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन आयोजित करेंगी और श्री षणमुगम के माफी मांगने तक काले झंडे दिखाकर प्रदर्शन करेंगी।
कांग्रेस सांसद सुश्री जोतिमणि ने सांसद की टिप्पणियों की निंदा करते हुए उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित