वाराणसी , नवंबर 8 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काशी दौरे के दूसरे दिन शनिवार को बनारस रेलवे स्टेशन से देशवासियों को चार वंदे भारत ट्रेनों की सौगात देते हुये कहा कि आज वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत आने वाली नई पीढ़ी की नींव तैयार कर रही हैं। ये भारत में बनी ट्रेनें हैं। ये हमारे देश की ताकत हैं। विदेशी अब वंदे भारत को देखकर अचंभित होते हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर हर महादेव से अपने उद्बोधन की शुरुआत की। उन्होने कहा कि टेक्नॉलाजी के क्षेत्र में जो उत्तम कार्य हो रहा है, उसकी कमान संभालने वाले अश्विनी वैष्णव समेत सभी अधिकारी एवं कर्मी बधाई के पात्र हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, " बाबा विश्वनाथ की इस पावन नगरी में काशी के परिवारजनों को सभी के प्रणाम। देव दीपावली पर अद्भुत आयोजन हुआ। आज के विकास पर्व की शुभकामनाएं देता हूं। जिस देश में बड़ी प्रगति और विकास होता है, उसके आगे बढ़ने में वहां के इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट की भूमिका होती है। जिस जगह ट्रेन नहीं, पटरी नहीं, वहां ट्रेन चलने लगे, रोड बन जाए। यानी व्यवस्थाएं विकसित होती हैं तो अपने आप विकास शुरू हो जाता है। कितने एयरपोर्ट बने, कितनी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चलीं। आज देश में नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत हुई। चार ट्रेनों के साथ ही देश में 160 से ज्यादा ट्रेनों का संचालन होने लगा।"उन्होने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए वंदे भारत की शुरुआत हुई है। आज वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव तैयार कर रही हैं। यह भारतीय रेलवे को ट्रांसफॉर्म करने का अभियान है। वंदे भारत भारतीयों की, भारतीयों द्वारा, भारतीयों के लिए बनाई गई ट्रेन है, जिस पर हर भारतीय को गर्व है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित