नयी दिल्ली , जनवरी 23 -- अडानी समूह 'मेक इन इंडिया' की दिशा में बड़ी पहल करते हुए देश में वाणिज्यिक विमानों का निर्माण शुरू करने वाला है।
अडानी समूह की कंपनी अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने इसके लिए ब्राजील की विमान बनाने वाली कंपनी एंब्रेयर के साथ करार करने जा रही है। आगामी 27 जनवरी को यहां राजीव गांधी भवन स्थित नागरिक उड्डयन मंत्रालय में इसकी घोषणा की जायेगी।
दोनों कंपनियों की ओर से मीडिया ब्रीफिंग के लिए जारी संयुक्त आमंत्रण में कहा गया है कि "भारत के वाणिज्यिक विमानन की 'मेक इन इंडिया' यात्रा में एक ऐतिहासिक विकास" की घोषणा की जानी है।
आमंत्रण में यह भी कहा गया है कि यह घोषणा "एयरोस्पेस में भारत की आत्मनिर्भरता के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर" साबित होगी।
इससे पहले मीडिया में इस तरह की खबर आयी थी कि दोनों कंपनियों ने भारत में वाणिज्यिक विमानों के निर्माण के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये हैं। पहले उम्मीद की जा रही थी कि 28 से 31 जनवरी तक हैदराबाद में आयोजित 'विंग्स इंडिया 2026' में इसकी घोषणा की जायेगी।
'विंग्स इंडिया 2026' में एंब्रेयर अपने ई195-ई2 और ई175 विमानों का प्रदर्शन कर रही है। ई195-ई2 एक छोटा नैरोबॉडी वाणिज्यिक विमान है जिसमें 132-146 सीटें हो सकती हैं। कंपनी का दावा है कि यह दुनिया का सबसे कम ध्वनि प्रदूषण करने वाला और सबसे ईंधन दक्ष विमान है।
वहीं ई175 विमान में 88 तक सीटें हो सकती हैं। भारत में स्टार एयरलाइंस के फ्लीट में ई175 विमान पहले से शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित