भुवनेश्वर , फरवरी 18 -- पूर्व तट रेलवे (ईसीओआर) ने पश्चिमी ओडिशा में रेल अवसंरचना को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए हावड़ा-टिटलागढ़ इस्पात एक्सप्रेस को जूनागढ़ रोड तक चलाने का निर्णय लिया है, जिससे इस इलाके में रेलवे सम्पर्क को काफी बढ़ावा मिलेगा।

ईसीओआर सूत्रों के मुताबिक इस विस्तार से बलांगीर और कालाहांडी जिलों के लोगों के लिए आवागमन आसान होगा। जूनागढ़ रोड और टिटलागढ़ के बीच बढ़ाए गए हिस्से पर 19 फरवरी को पहली बार ट्रेन चलेगी जो क्षेत्रीय रेल सेवा में एक अहम मील का पत्थर होगा। ट्रेन नंबर 12871 (हावड़ा-टिटलागढ़ एक्सप्रेस) अब 21 फरवरी से हावड़ा से चलकर जूनागढ़ रोड तक चलेगी। इसी तरह, ट्रेन नंबर 12872 (टिटलागढ़-हावड़ा एक्सप्रेस) 22 फरवरी से जूनागढ़ रोड से शुरू होगी।

टिटलागढ़ और जूनागढ़ रोड के बीच बढ़ी हुई सेवा केसिंगा, लांजीगढ़ रोड और भवानीपटना में रुकेगी। हावड़ा और टिटलागढ़ के बीच सभी मौजूदा ठहराव और निर्धारित समय में कोई बदलाव नहीं होगा। यह ट्रेन हावड़ा और टिटलागढ़ के बीच सुपरफास्ट एक्सप्रेस के तौर पर चलती रहेगी और टिटलागढ़-जूनागढ़ रोड सेक्शन पर मेल/एक्सप्रेस सेवा के तौर पर चलेगी।

इस्पात एक्सप्रेस को जूनागढ़ रोड तक बढ़ाना पश्चिमी ओडिशा के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे कालाहांडी और आस-पास के इलाकों के लिए सीधी और भरोसेमंद सम्पर्क की सुविधा मिलेगी। ट्रेनों को बदलने पर निर्भरता कम होगी और रोज़ाना आने-जाने वालों के लिए यात्रा आसान हो जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित