रायपुर , मार्च 10 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य में अवैध नशे के कारोबार को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दुर्ग जिले के समोदा क्षेत्र में अफीम की खेती के खुलासे के बाद अब बलरामपुर जिले के कुसुमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव में भी अफीम की खेती सामने आने से यह संकेत मिलता है कि प्रदेश में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को सरकारी संरक्षण मिल रहा है।
दीपक बैज ने आज (मंगलवार) बयान जारी कर कहा कि बिना सत्ता में बैठे लोगों की जानकारी और संरक्षण के खुलेआम अफीम की खेती संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में गली-मोहल्लों में गांजा, शराब और अन्य प्रकार के सूखे नशे का कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है। उनका कहना है कि दुर्ग जिले के मामले में एक प्रभावशाली भाजपा नेता की संलिप्तता सामने आई थी और अब बलरामपुर में भी ऐसे ही मामलों का खुलासा हो रहा है, जिससे स्थिति चिंताजनक हो गई है।
उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले के समोदा में जिस भूमि पर अफीम की खेती की बात सामने आई, वहां की डिजिटल गिरदावली रिपोर्ट में मक्का और गेहूं की खेती दर्ज बताई गई है। बैज का आरोप है कि इससे स्पष्ट होता है कि प्रशासनिक स्तर पर भी गंभीर लापरवाही या मिलीभगत की आशंका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशीली दवाइयों, प्रतिबंधित गोलियों और अन्य सूखे नशे की बिक्री खुलेआम हो रही है और यह सामग्री नाबालिग बच्चों तक पहुंच रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित