विंडहोक , जनवरी 16 -- फैसल शिनोजादा ( 82), खालिद अहमदजई (73 ) और उजैरउल्लाह नियाजी (नाबाद 51) की शानदार बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने शुक्रवार को अंडर-19 विश्वकप के छठे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 28 रनों से हरा दिया।

267 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 49 के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिये। अदनान लागादीन (10), जोरिच वान शल्कविक (आठ) और कप्तान मुहम्मद बुलबुलिया (17) रन बनाकर आउट हुये। जेसन रोल्स ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 93 गेंदों में नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 98 रनों की पारी खेली। जेसन रोल्स छठे विकेट के रूप में आउट हुये। इसके बाद अफगानिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण के आगे दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आये। , अरमान मनैक (15), पॉल जेम्स (चार), लेथाबो फाहलामोहलाका (22), कॉर्न बोथा (25), डैनियल बोसमैन (20), जेजे बैसन (शून्य) पर आउट हुये। दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 47.4 ओवरों में 238 रन ही बना सकी और 28 रनों से मुकाबला हार गई।

अफगानिस्तान के लिए अब्दुल अजीज और खतिर स्टानिकजई ने दो-दो विकेट लिये। नूरिस्तानी उमरजई, हाफिज जादरान ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। अफगानिस्तान ने आठवें ओवर में उस्मान सदात (चार) का विकेट गंवाने के बाद खालिद अहमदजई और फैसल शिनोजादा की जोड़ी ने पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 152 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम के लिए बड़े स्कोर की नींव रखी। 35वें ओवर में बयांडा मजोला ने खालिद अहमदजई को आउट कर पवेलियन भेज दिया। खालिद अहमदजई ने 101 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 73 रन बनाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित