पटना , जनवरी 31 -- बिहार की राजधानी पटना के मीठापुर क्षेत्र में बनायी जा रही बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी अप्रैल माह तक पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगी।
भवन निर्माण विभाग की ओर से बनाए जा रहे बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य तेजी से अपने अंतिम चरण में है।यह यूनिवर्सिटी अप्रैल माह तक पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगी। वर्तमान में भवन का फिनिशिंग कार्य जारी है, जिसे तय समय सीमा के अंदर पूरा कर लिया जाएगा। लगभग पांच एकड़ भूखंड पर निर्माणाधीन इस अभियंत्रण विश्वविद्यालय के निर्माण के लिये 66.92 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। उच्च गुणवत्ता वाली तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसका फिनिशिंग कार्य जारी है और जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इससे बिहार में तकनीकी शिक्षा व्यवस्था को एक सशक्त मंच मिलेगा, जिससे इंजीनियरिंग संस्थानों के संचालन, शैक्षणिक गुणवत्ता में और अधिक पारदर्शिता एवं मजबूती आएगी। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी के मुख्य भवन को आधुनिक सुविधाओं और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बहुमंजिला स्वरूप में विकसित किया गया है। भवन के ग्राउंड फ्लोर पर डीन का कार्यालय बनाया गया है। इसके साथ ही रजिस्ट्रार कार्यालय, स्टोर रूम, कैफेटेरिया, फाइनेंस ऑफिस, डबल हाइट एंट्री एरिया तथा प्रसाधन की व्यवस्था की गई है, जिससे छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को सुगम सुविधाएं मिलेंगी।
श्री रवि ने बताया कि भवन के प्रथम तल पर मीटिंग हॉल, कुलपति (वीसी) का कार्यालय तथा इवैल्यूएशन सेंटर स्थापित किया गया है। वहीं द्वितीय तल पर सात कार्यालय कक्ष, एक इवैल्यूएशन सेंटर, छह स्टोर रूम और चार स्कैनिंग रूम बनाए गए हैं। तृतीय तल पर पांच रिकॉर्ड रूम के साथ स्टोर और स्कैनिंग रूम की व्यवस्था की गई है।चतुर्थ तल पर एक और इवैल्यूएशन सेंटर, दो बड़े हॉल, गेस्ट हाउस, केयरटेकर के ठहरने के लिए आवास की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय आधुनिक तकनीकों से युक्त होगा। समयबद्धता और उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित