सागर , फरवरी 05 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले की जीवनदायिनी सागर जल आवर्धन परियोजना अंतर्गत राजघाट बांध पहुंचकर अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने पानी की गुणवत्ता एवं लॉग बुक की जांच की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

अपर मुख्य सचिव श्री दुबे ने राजघाट पहुंचकर शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल शोधन प्रक्रिया, जल गुणवत्ता परीक्षण प्रणाली तथा संबंधित अभिलेखों की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के समय पानी की गुणवत्ता जांच से संबंधित लॉग बुक का अवलोकन किया गया और मौके पर ही जल नमूने की जांच कराई गई। परीक्षण में पानी का पीएच स्तर 7.30 पाया गया, जो मानकों के अनुरूप एवं पेयजल के लिए उपयुक्त है। उन्होंने उपस्थित केमिस्ट से परीक्षण प्रक्रिया, उपयोग किए जा रहे रसायनों और गुणवत्ता नियंत्रण की पद्धति के संबंध में विस्तृत जानकारी भी ली।

अपर मुख्य सचिव ने क्लोरीन हाउस का निरीक्षण किया तथा टाटा द्वारा निर्मित 5.7 एमएलडी क्षमता वाले फिल्टर हाउस में स्थापित स्काडा सिस्टम का भी अवलोकन किया। उन्होंने सिस्टम के माध्यम से जल आपूर्ति की निगरानी एवं नियंत्रण व्यवस्था की जानकारी ली और इसके प्रभावी संचालन के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लीकेज की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और समय-समय पर सुधार कार्य किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी दूषित पानी का वितरण न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित