गौतमबुद्धनगर , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिला में जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गयी हैं।
उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग एरिया और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
निरीक्षण के बाद यमुना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्राइवेट लिमिटेड के प्रशासनिक कार्यालय में आयोजित बैठक में श्री कुमार ने कहा कि वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी स्तर पर कमी न रह जाए।
अपर मुख्य सचिव ने यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग तय करने, ट्रैफिक डायवर्जन की सूचना समय से आम जनता तक पहुंचाने और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आमजन को न्यूनतम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति, चिकित्सा सेवाएं, अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को अपने दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी और समयबद्ध तरीके से करने को कहा।
इस दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, विशेष सचिव ईशान प्रताप सिंह, यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह और शैलेंद्र भाटिया, जिलाधिकारी मेधा रूपम, एडीएम वित्त अतुल कुमार, एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे, एयरपोर्ट कंपनी के सीईओ क्रिस्टोफ श्रेलमैन और सीओओ किरन जैन सहित कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन का कहना है कि वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और हर स्तर पर निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस निरीक्षण के बाद यह साफ हो गया है कि प्रशासन इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर पूरी तरह सतर्क है और इसे सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित