भरतपुर , जनवरी 23 -- राजस्थान के धौलपुर में पुलिस ने अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए शुक्रवार से ड्रोन तकनीक का उपयोग शुरू किया।
पुलिस अधीक्षक विकास सागवान के निर्देश पर वृत्त अधिकारी (सिटी) कृष्णराज जांगिड़ के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से ड्रोन उड़ाकर शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, जाम प्रभावित क्षेत्रों और अवैध खनन संभावित क्षेत्रों की विस्तृत वीडियोग्राफी की गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि ड्रोन से मिली जानकारी के आधार पर मौके पर तैनात पुलिस बल को तत्काल दिशा-निर्देश दिये गये।
श्री जांगिड़ ने बताया कि ड्रोन के माध्यम से निगरानी बढ़ने से संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी। इससे अपराधियों में कानून का भय बढ़ेगा और असामाजिक तत्वों पर समय रहते कार्रवाई संभव हो पाएगी। ड्रोन तकनीक यातायात व्यवस्था सुधारने में भी कारगर साबित होगी। जाम की स्थिति पर तुरंत नियंत्रण, यातायात को सुचारु बनाये रखने और आमजन को राहत देने के लिए यह व्यवस्था लगातार जारी रहेगी। इसके साथ ही, अवैध खनन जैसे गंभीर मामलों पर भी ड्रोन के जरिए ठोस निगरानी रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित