भरतपुर , दिसम्बर 05 -- राजस्थान में डीग के कोतवाली थाना क्षेत्र में गांव इकलेरा में शुक्रवार दोपहर एक आरोपी को गिरफ्तार करने आई उत्तरप्रदेश पुलिस पर ग्रामीणों द्वारा किये गए पथराव में करीब छह पुलिसकर्मी घायल हो गये।
सूत्रों ने बताया कि उत्तरप्रदेश के गोवर्धन पुलिस थाने के जाप्ते के ऊपर ग्रामीणों ने उस समय पथराव किया जब आरोपी अमित (30) को गिरफ्तार करने पुलिस गांव पहुंची। ग्रामीणों और आरोपी के परिवार के सदस्यों द्वारा पुलिस पर किये गए पथराव से गोवर्धन थाने के सहायक उपनिरीक्षक नितिन कुमार त्यागी सहित छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। गंभीर चोटों के चलते श्री त्यागी को डीग अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि अन्य पुलिसकर्मियो को मरहम पट्टी के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना पर डीग कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण किया। मौके पर ही आरोपी अमित को गिरफ्तार करके गोवर्धन पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने नामजद ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि पथराव करने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए। गांव में फिलहाल सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित