पटना , जनवरी 27 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता हिमराज राम एवं परिमल कुमार ने मंगलवार को कहा कि अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता के विरुद्ध 'जीरो टोलरेंस' ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहचान है।

जदयू के दोनों प्रवक्ताओं ने मीडिया में बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार शुरू से ही अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता के विरुद्ध 'जीरो टोलरेंस' की नीति पर पूरी दृढ़ता के साथ काम करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री कुमार की यह नीति केवल एक औपचारिक घोषणा नहीं, बल्कि शासन और प्रशासन के हर स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू की गई एक सख्त, पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था है, जिसने बिहार की प्रशासनिक संरचना में महत्वपूर्ण और सकारात्मक परिवर्तन किए हैं।

जदयू के प्रवक्ता ने कहा कि आज बिहार की जनता का अपार समर्थन और मुख्यमंत्री पर उनका अटूट विश्वास इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि राज्य में कानून का राज है और सुशासन मजबूती से स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि सक्षम शासन की वजह से प्रदेश में विकास की गति निरंतर तेज हुई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक सफलता जनता की इसी जन-आस्था और भरोसे की प्रत्यक्ष अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि वह मुख्यमंत्री श्री कुमार की ईमानदार छवि, सशक्त नेतृत्व और सतत विकास के संकल्प पर पूर्ण विश्वास करती है। जनता ने यह सिद्ध कर दिया है कि राज्य को प्रगतिशील, शांतिपूर्ण और समावेशी दिशा में आगे ले जाने वाला नेतृत्व ही बिहार के उज्ज्वल भविष्य का आधार है।

दोनों प्रवक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार भविष्य में भी बिना किसी समझौते के अपनी नीतियों पर चलते रहेंगे और बिहार को विकास, सुशासन और सामाजिक सौहार्द की एक सशक्त मिसाल बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास के साथ बिहार आने वाले समय में विकास की नई ऊँचाइयों को अवश्य छुएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित