रायपुर , फरवरी 09 -- छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के अधिकारी मनीष कश्यप के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के सचिव के साथ दूरभाष पर हुई बातचीत के दौरान अमर्यादित एवं अभद्र भाषा के प्रयोग को शासन ने गंभीर अनुशासनहीनता माना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 जनवरी को भारत सरकार द्वारा आयोजित विनियमन-मुक्ति विषयक बैठक की तैयारी को लेकर विभागीय सचिव ने मनीष कश्यप से टेलीफोन पर आवश्यक सूचनाएं मांगी थीं। इस दौरान अधिकारी द्वारा शिष्टाचार के विपरीत भाषा का प्रयोग किया गया, जिसे अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम, 1968 के नियम-3 का उल्लंघन माना गया है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1969 के अंतर्गत निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन अवधि के दौरान मनीष कश्यप का मुख्यालय प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, अरण्य भवन, नवा रायपुर अटल नगर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
इसी क्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रशासनिक कारणों से दो अन्य आईएफएस अधिकारियों के तबादले भी किए हैं। जाधव सागर रामचंद्र को छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ, नवा रायपुर में नई पदस्थापना दी गई है, जबकि चंद्र कुमार अग्रवाल को मनेन्द्रगढ़ में वन उप संरक्षक (प्रादेशिक) के पद पर नियुक्त किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित