नयी दिल्ली , मार्च 19 -- देश के प्रसिद्ध उद्योगपति अनिल अंबानी रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम) से जुड़े कथित 2,929.05 करोड़ रुपये के ऋण धोखाधड़ी मामले की जांच के सिलसिले में गुरूवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के समक्ष पेश हुए।

यह जानकारी अधिकारियों ने गुरुवार को दी।

इसके पहले श्री अंबानी के प्रवक्ता ने यूनीवार्ता से पुष्टि की थी कि रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम) के संबंध में भारतीय स्टेट बैंक की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई एफआईआर के सिलसिले में पूछताछ के लिए वह 19 और 20 मार्च को दिल्ली में सीबीआई के समक्ष पेश होंगे।

जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने 21 अगस्त, 2025 को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मुंबई से प्राप्त शिकायत के आधार पर रिलायंस कम्युनिकेशन लिमिटेड (आरकॉम), मुंबई, उसके निदेशक अनिल अंबानी, अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। यह मामला एसबीआई को धोखा देने और 2,929.05 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोपों से संबंधित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित