बुसान (दक्षिण कोरिया) , अप्रैल 19 -- भारतीय टेनिस खिलाड़ी अनिरुद्ध चंद्रशेखर और उनके जापानी जोड़ीदार ताकेरू युज़ुकी ने रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए बुसान ओपन 2026 एटीपी चैलेंजर टेनिस टूर्नामेंट का युगल खिताब जीत लिया। आज यहां खेले गये मुकाबले में दूसरी वरीयता प्राप्त अनिरुद्ध चंद्रशेखर और ताकेरू युज़ुकी ने पहला सेट हारने के बाद जोरदार वापसी करते हुए फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त नीदरलैंड के जीन-जुलियन रोजर और अमेरिका के थियोडोर वाइनगर को 4-6, 6-3, 10-7 से हराया।
भारत-जापानी जोड़ी ने तीसरे गेम में अपनी सर्विस गंवाने के बाद पहला सेट गंवा दिया था, लेकिन दूसरे सेट के आठवें गेम में एक अहम ब्रेक लेकर वापसी की और मैच को सुपर-टाईब्रेकर तक पहुंचाया, जिसे उन्होंने जीत लिया। अनिरुद्ध चंद्रशेखर और ताकेरू युज़ुकी ने बुसान में युगल ड्रॉ के शुरुआती दो राउंड बिना कोई सेट गंवाए आसानी से पार कर लिए; उन्होंने दक्षिण कोरिया के स्थानीय वाइल्डकार्ड जोड़ीदार सुक एन-ग्यून-जून किम और ब्रिटेन की जोड़ी बेन जोन्स-जोशुआ पेरिस को हराया।
सेमीफाइनल में, दूसरी वरीयता प्राप्त इस जोड़ी ने सुपर-टाईब्रेकर में भारतीय जोड़ी ऋत्विक बोलिपल्ली और अर्जुन काधे को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
यह अनिरुद्ध चंद्रशेखर का इस सीजन का पहला खिताब था और ताकेरू युज़ुकी के साथ जोड़ी के रूप में उनकी पहली जीत थी। इससे पहले, यह जोड़ी नॉनथाबुरी चैलेंजर II 2026 में उपविजेता रही थी, जहाँ फाइनल में ओलंपियन एन. श्रीराम बालाजी और ऑस्ट्रिया के नील ओबरलीट्नार के हाथों सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित