मुम्बई , मार्च 17 -- स्टार खिलाड़ी अनाहत सिंह सीसीआई ब्रेबॉर्न स्टेडियम में बुधवार को इंडियन ओपन 2026 स्क्वैश टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी।

18 मार्च से शुरु होने वाला इंडियन ओपन 2026 स्क्वैश टूर्नामेंट 22 मार्च तक चलेगा। अनाहत सिंह ने पिछले वर्ष इंडियन ओपन के पहले संस्करण में फाइनल में हांगकांग-चीन की हेलेन टैंग को हराकर महिला खिताब जीता था।

17 साल की यह खिलाड़ी फरवरी में वाशिंगटन में हुए 'स्क्वैश ऑन फायर ओपन' में अपना पहला पीएसए ब्रॉन्ज-लेवल खिताब जीतने के बाद, पूरे आत्मविश्वास के साथ इस संस्करण में उतरेंगी।

अनाहत, जो वर्तमान में विश्व में 20वें नंबर पर हैं, इंडियन ओपन 2026 के महिला वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी होंगी। अनुभवी खिलाड़ी जोशना चिनप्पा (पांचवीं वरीयता प्राप्त), नौवीं वरीयता प्राप्त तन्वी खन्ना, राधिका सीलन और शमीना रियाज मुंबई में होने वाले 22-सदस्यीय महिला वर्ग में शामिल अन्य भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी होंगी।

इस बीच, एशियाई खेलों के पदक विजेता अभय सिंह पिछले साल इंडियन ओपन में उपविजेता रहने के अपने प्रदर्शन को और बेहतर करने की उम्मीद करेंगे। 24 खिलाड़ियों वाले पुरुष वर्ग में रामित टंडन, वीर चोत्रानी और वेलवन सेंथिलकुमार क्रमशः तीसरे, चौथे और पांचवें वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित