लखनऊ , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान गुरुवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष द्वारा उठाए गए विभिन्न सवालों का बिंदुवार और तार्किक जवाब दिया। हालांकि सदन में विकास और बुनियादी ढांचे को लेकर हुई चर्चा के दौरान माहौल तीखा रहा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष द्वारा सदन का कीमती समय अनर्गल आरोपों में नष्ट करना एक आदत बन चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र पर अडिग है और प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

सड़कों और बुनियादी ढांचे को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए श्री मौर्य ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश के हर जिले में रिकॉर्ड स्तर पर सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण हुआ है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, जिससे आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार किसी भी परियोजना में अनियमितता बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि विपक्ष के पास कोई ठोस तथ्य हैं तो सरकार जांच कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित