देवरिया , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बरहज तहसील क्षेत्र में जमीन पैमाइश के दौरान एक अधिवक्ता की मृत्यु के बाद आक्रोशित परिजनों और वकीलों ने शव को तहसील परिसर में रखकर प्रदर्शन किया। अधिकृत सूत्रों ने बताया कि बरहज तहसील क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर में रविवार को दो पक्षों के बीच जमीन की पैमाइश एसडीएम विपिन द्विवेदी के नेतृत्व में की जा रही थी। इसी दौरान एसडीएम और अधिवक्ता विजेंद्र सिंह के बीच कहासुनी हो गई। परिजनों का आरोप है कि कथित अभद्र व्यवहार के कारण अधिवक्ता को हृदयाघात हुआ, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिजन और वकील शव को तहसील परिसर में रखकर एसडीएम एवं अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मृतक के परिजनों ने बरहज थाने में तहरीर देकर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद एसडीएम मौके से चले गए। क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक तहसील परिसर में प्रदर्शन जारी था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित