बलौदाबाजार , मार्च 23 -- छत्तीसगढ़ में स्थित बलौदाबाजार जिले के रवान स्थित अदानी अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 12 वर्षीय नाबालिग बालक के साथ कथित तौर पर फैक्ट्री के सुरक्षा गार्डों द्वारा अमानवीय मारपीट की गई।
इस मामले का खुलासा सोमवार को उस वक्त हुआ जब पीड़ित के परिजनों ने घटना का वीडियो दिखाकर घटना की जानकारी स्थानीय पत्रकारों को दी। परिजनों की माने तो ये घटना बीते शनिवार शाम को घटित हुई ।
परिजनों से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बालक दिनेश्वर साहू फैक्ट्री परिसर की दीवार पर चढ़कर आम तोड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद सुरक्षा गार्डों ने उसे बहलाकर दूसरी ओर बुलाया और चोरी का आरोप लगाते हुए तीन गार्डों ने मिलकर उसे उठाकर जमीन पर पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के दौरान बालक अचेत हो गया और मौके पर ही पड़ा रहा। आसपास मौजूद कुछ बच्चों ने इस घटना का आंशिक वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया।
सूचना मिलने पर बालक का भाई मौके पर पहुंचा और उसे बेहोशी की हालत में फैक्ट्री परिसर से बाहर लाकर घर ले गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद कुछ लोगों द्वारा पीड़ित परिवार पर मामला दर्ज न करने का दबाव भी बनाया गया।
मामले की जानकारी जनप्रतिनिधियों तक पहुंचने के बाद बलौदाबाजार भाजपा मंडल अध्यक्ष रविशंकर वर्मा, सरपंच प्रतिनिधि अक्षय भारती तथा अन्य स्थानीय नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इसके बाद बलौदाबाजार विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा को घटना से अवगत कराया गया।
मंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन और पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए रविवार को कार्रवाई शुरू की। पीड़ित बालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार अब भी जारी है।
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी गार्ड को रविवार हिरासत में ले लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश अब भी जारी है।
घटना के विरोध में विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के लगभग 150 लोग थाना परिसर में एकत्र हुए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित