देवास , फरवरी 06 -- मध्यप्रदेश के देवास जिले के सतवास में लगभग डेढ़ महीने पहले बस स्टैंड पर किए गए अतिक्रमण हटाने के दौरान वहां संचालित एक स्टेशनरी संचालक दंपति द्वारा आत्मदाह की कोशिश में बुरी तरह झुलसी पत्नी की मौत के बाद अब पति ने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 24 दिसंबर 2025 को सतवास बस स्टैंड पर कतिपय लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण हटाने का काम प्रशासन द्वारा किया जा रहा था। बस स्टैंड पर ही संतोष व्यास नामक व्यक्ति की स्टेशनरी की दुकान थी, जिससे उसके परिवार को रोजगार चल रहा था। इस अतिक्रमण हटाओ अभियान से दुखी होकर संतोष व्यास और उनकी पत्नी जयश्री व्यास ने पेट्रोल डालकर आग लगा ली, जिससे दोनों बुरी तरह झुलस गए।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में इंदौर भेजा गया था। वहां उपचार के दौरान 11 जनवरी को श्रीमती व्यास की मृत्यु हो गई थी। कल देर शाम इंदौर में उपचार के दौरान संतोष व्यास ने भी दम तोड़ दिया। मृतक का शव आज सतवास लाया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित