हरिद्वार , अप्रैल 07 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

अभियान के तहत सीसीआर क्षेत्र के समीप सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित हो रही 50 से अधिक रेहड़ी-ठेलियों और फड़ों को हटाया गया। इसके अलावा रोडीबेलवाला, दीनदयाल पार्किंग से हर की पैड़ी मार्ग तक फैले अतिक्रमण को भी साफ कर यातायात और पैदल आवागमन को सुचारु बनाया गया।

प्रशासन ने दो टूक संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

सिटी मजिस्ट्रेट चौहान ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था और घाटों पर दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

अभियान में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन चौहान समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए शहर को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित