अहमदाबाद , फरवरी 03 -- अडानी समूह की मुख्य कंपनी अडानी पोर्ट्स को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर 2025) में समेकित आधार पर 3,043 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है।
कंपनी के निदेशक मंडल की मंगलवार को हुई बैठक में वित्तीय परिणामों को मंजूरी प्रदान की गयी। इसमें बताया गया है कि तिमाही के दौरान उसका शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 21 प्रतिशत बढ़कर 3,043 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान उसका राजस्व 22 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 9,705 करोड़ रुपये पर रहा।
कंपनी ने बताया कि घरेलू बंदरगाह कारोबार से उसे 6,701 करोड़ रुपये और अंतर्राष्ट्रीय बंदरगाह कारोबार से 1,067 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इनमें क्रमशः 15 प्रतशत और 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। लॉजिस्टिक्स कारोबार से प्राप्त राजस्व 62 फीसदी बढ़कर 1,121 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
घरेलू बंदरगाह कारोबार में रिकॉर्ड 4,877 करोड़ रुपये का परिचालन लाभ दर्ज किया गया है। देश के कंटेनर बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी बढ़कर 45.8 फीसदी रही। अंतर्राष्ट्रीय बंदरगाह कारोबार का राजस्व पहली बार 1,000 करोड़ रुपये के पार पहुंचा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित