रायगढ़ , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ में स्थित रायगढ़ जिले के बड़े भंडार स्थित अडानी पावर प्लांट में कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। वेतन समय पर नहीं मिलने से नाराज मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी समस्याओं को लेकर एकजुट होकर आवाज उठाई।

जानकारी के अनुसार पावर प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर मजदूरों में काफी नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन ने हालात पर नजर बनाए रखी और कर्मचारियों से चर्चा की। रायगढ़ एसडीएम ने मजदूरों को समझाइश दी और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी शांत हो गए।

गौरतलब है कि हाल ही में सिंगरौली में भी अडानी कंपनी के कर्मचारियों का विरोध सामने आया था, जहां आक्रोशित मजदूरों ने जमकर हंगामा किया और वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुई थीं।

अब रायगढ़ में भी कर्मचारियों का असंतोष सामने आने के बाद कंपनी प्रबंधन पर मजदूरों की मांगों को गंभीरता से लेने का दबाव बढ़ गया है। हालांकि प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल स्थिति सामान्य हो गई है, लेकिन कर्मचारियों का कहना है कि यदि उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित