रायगढ़ , मार्च 22 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अडानी कंपनी की प्रस्तावित रेल लाइन को लेकर विरोध तेज हो गया है। गेजामुड़ा गांव के एक युवक को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

इस घटना के विरोध में गांव के कई किसान परिवार पिछले 15 घंटों से कोतरा रोड थाने के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों का आरोप है कि रेल लाइन परियोजना का विरोध करने पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। इससे नाराज ग्रामीण देर रात से ही थाने के बाहर डटे हुए हैं। महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग पूरी रात सड़क पर ही बैठकर विरोध प्रदर्शन करते रहे।

धरना दे रहे ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे "अपहरण जैसी कार्रवाई" बताया है और मांग की है कि गिरफ्तार युवक को तत्काल उनके साथ गांव ले जाया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक वे धरना जारी रखेंगे।

इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता राधेश्याम शर्मा भी किसानों के समर्थन में धरना स्थल पर पहुंचे और पूरी रात ग्रामीणों के साथ बिताई। उन्होंने प्रशासन से मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित