चंडीगढ़ , अप्रैल 15 -- चंडीगढ़ के गांव अटावा के विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप वितरण कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर-42 स्थित कम्युनिटी सेंटर में किया गया।

यह कार्यक्रम समाजसेवी संस्था नेचर नाइन फाउंडेशन द्वारा वार्ड नंबर 24 के पार्षद जसबीर सिंह बंटी के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान लगभग 180 जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग, किताबें, पेंसिल, रबर और ड्राइंग की किताबें वितरित की गयीं। संस्था द्वारा 31 मार्च 2026 तक आवेदन प्रक्रिया पूरी की गई थी, जिसके तहत इन बच्चों का चयन किया गया।

इस मौके पर नेचर नाइन फाउंडेशन के प्रधान नीरज सूद, जनरल सेक्रेटरी नेहा गोयल और अन्य पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और अभिभावकों को सहयोग देना है। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप के साथ विशेष पुरस्कार भी दिये जाएंगे।

कार्यक्रम में कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया। यह पहल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और समाज के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित