नयी दिल्ली , दिसंबर 23 -- पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना और सााजिक अंकित राठी को वर्ष 2025 के अटल रत्न पुरस्कार से नवाजा गया है।
अटल फाउंडेशन की ओर से यहां मंगलवार को आयोजित समारोह में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भगीरथ चौधरी ने श्री खन्ना और श्री राठी को सम्मानित किया। इस मौके पर श्री चौधरी ने कहा कि अटल फाउंडेशन समाज के उन वर्गों तक पहुंचने का कार्य कर रहा है, जिन्हें मुख्यधारा से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, "शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में फाउंडेशन की पहलें सामाजिक समावेशन को मजबूती देती हैं और अटल जी की लोककल्याणकारी सोच को आगे बढ़ाती हैं।"इस वर्ष चार अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए, जिसमें श्री खन्ना और श्री राठी को अटल रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा, वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली योगदान के लिए नौ व्यक्तियों को अंतरराष्ट्रीय अटल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, 20 व्यक्तियों को अटल श्री पुरस्कार और 11 लोगों को सार्वजनिक सेवा में निरंतर योगदान के लिए अटल गौरव प्रदान किए गये।
इस मौके पर अटल फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष अपर्णा सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचार आज भी सामाजिक कार्यों की दिशा तय करते हैं। उन्होंने कहा, "अटल जी का दृष्टिकोण समावेशी विकास, सामाजिक सद्भाव और सेवा भावना पर आधारित था। फाउंडेशन अपने सभी कार्यक्रमों के माध्यम से उसी सोच को जमीन पर उतारने का प्रयास कर रहा है।"इस समारेह में श्री चौधरी और श्रीमती सिंह के अलावा सांसद गीता शाक्य, पूर्व सांसद एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के पूर्व चेयरमैन अविनाश राय खन्ना, सामाजिक कार्यकर्ता अशोक अग्रवाल तथा आध्यात्मिक नेता एवं पूर्व मिस वर्ल्ड टूरिज़्म इंडिया इशिका तनेजा सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित