पटना , दिसंबर 24 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के "समर्थ भारत-सशक्त बिहार" का सपना साकार कर रही है।
श्री चौधरी ने आज यहां गांधी मैदान में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष पर अटल विचार परिषद की तरफ से आयोजित "हमारे अटल" कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की पहचान केवल राजनीति से नहीं, बल्कि उसके इतिहास से है। उन्होंने कहा कि पटना कभी उस मगध साम्राज्य की राजधानी था, जिस समय देश वर्तमान से तीन गुना बड़ा था। वह भारत का स्वर्णिम काल रहा। उस दौर में सुशासन स्थापित हुआ और आज राजग सरकार ने उसी परंपरा को फिर से जीवित करने का संकल्प लिया है।
उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आज के नौजवान बिहार के भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने की कोशिश की है। भाजपा ने बिहार के बेटे नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर पहली, दूसरी नहीं , बल्कि तीसरी पीढ़ी को आगे बढ़ाया है।उन्होंने कहा कि राजग सरकार की सोच बिहार को उद्योग के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बिहार समृद्धि की ओर बढ़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित