चंडीगढ़ , दिसंबर 24 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित यवनिका पार्क से हरियाणा पुलिस के बैच संख्या-93 के जवानों द्वारा आयोजित अटल जनसेवा को समर्पित दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने पुष्पवर्षा कर जवानों का मनोबल बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में आयोजित यह दौड़ एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रेरणास्पद प्रतीक है। उन्होंने बताया कि आज शाम केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भारतीय पुलिस के इतिहास के सबसे बड़े पासिंग-आउट बैच को सामूहिक शपथ दिलवाएंगे। इस ऐतिहासिक बैच में कुल 5,061 जवान शामिल हैं, जिनमें 4,191 पुरुष और 870 महिला जवान हैं। इस प्रकार महिला भागीदारी 20.75 प्रतिशत रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में हरियाणा पुलिस में महिलाओं की भागीदारी मात्र तीन प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 10 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। राज्य सरकार का लक्ष्य इसे आगामी वर्षों में 25 प्रतिशत तक ले जाना है। उन्होंने नशे के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान में हरियाणा पुलिस की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि नवप्रशिक्षित जवान समाज में जागरूकता फैलाने के लिए ब्रांड एम्बेसडर की भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि यह दौड़ 39 सप्ताह के कठोर प्रशिक्षण की सफल पूर्णता का प्रमाण है। इसमें ग्रामीण पृष्ठभूमि से आये 4,252 और शहरी पृष्ठभूमि के 809 जवान शामिल हैं, जो सामाजिक एकता और समरसता का सशक्त संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 85 प्रतिशत जवान स्नातक एवं स्नातकोत्तर हैं, जिनमें 2,390 जवान 26 वर्ष से कम आयु के हैं, जो पुलिस बल में नयी ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण लाएंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि यह दौड़ योग, पीटी और आत्मरक्षा जैसे प्रशिक्षण से विकसित आत्मबल और अनुशासन का परिणाम है। उल्लेखनीयहै कि इन जवानों ने नौ अप्रैल 2025 को 1,356 यूनिट रक्तदान कर समाजसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह, हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक डॉ अरशिंदर सिंह चावला, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित