बांदा , दिसंबर 25 -- उत्तर प्रदेश के जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने गुरुवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी में राष्ट्र के प्रति अगाध प्रेम और श्रद्धा विद्यमान थी। उनके कृतित्व और व्यक्तित्व की प्रेरणा से आज देश विकास की ओर अग्रसर है।

बांदा कलेक्ट्रेट में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष को संबोध्रित करते हुये उन्होने कहा कि श्री वाजपेयी विराट हृदय के कवि थे। उनमें अटूट राष्ट्र प्रेम विद्यमान था। उन्होंने राष्ट्रीय हित में देश और विदेश नीति को मजबूत किया। उनका जन्म शताब्दी वर्ष हमें राष्ट्र प्रेम की प्रेरणा देता है। पूर्व प्रधानमंत्री ने गांव-गांव को जोड़ने और नदियों को मिलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनका पूरा जीवन प्रत्येक क्षेत्र में चर्चित हुआ जिसमें लोकतंत्र और राष्ट्र के प्रति अगाध प्रेम परिलक्षित हुआ।उन्होंने कहा कि देश प्रत्येक क्षेत्र में प्रगति की ओर अग्रसर है, यह अटल जी की ही देन है।

समारोह में जिलाधिकारी जे रीभा सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारियों और और बड़ी संख्या में कर्मचारियों व बुद्धिजीवी नागरिकों ने भाग लिया। समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके कृतित्व और व्यक्तित्व की विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह एवं भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष वंदना गुप्ता ने भी पूर्व प्रधान मंत्री के कृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित