रुद्रपुर , मार्च 07 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर जिले की पंतनगर पुलिस ने अटरिया माता मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार करने की जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकदी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार विगत 26 फरवरी को वादी पंकज गौड़ निवासी रम्पुरा, रुद्रपुर ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि अटरिया माता मंदिर में रखे छह दानपात्रों को तोड़कर अज्ञात चोरों ने उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर थानाध्यक्ष नन्दन सिंह रावत के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सर्वप्रथम मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की पहचान की।
पुलिस टीम ने शुक्रवार को चोरी के आरोपी राम किशन उर्फ किशन (18) निवासी तीन पानी डैम, चौहान मार्ट के ऊपर, कोतवाली ट्रांजिट कैंप, उधम सिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी भी बरामद की। अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित