मुंबई , मार्च 25 -- महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान हादसे से जुड़े मामले में एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई है जहां कर्नाटक में दर्ज 'जीरो एफआईआर' अब महाराष्ट्र पुलिस को स्थानांतरित कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 जनवरी 2026 को हुए इस विमान हादसे को लेकर महाराष्ट्र में अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी, ऐसे में कर्नाटक में दर्ज यह मामला जांच को नयी दिशा देने वाला माना जा रहा है।

एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने इस प्रक्रिया के लिए कर्नाटक पुलिस का आभार जताया और कहा कि अब पूरी जिम्मेदारी महाराष्ट्र पुलिस पर है। इस संबंध में श्री रोहित पवार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी बात रखते हुए कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अजीत दादा की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 'महाराष्ट्र धर्म' हमें लड़ना सिखाता है और हम अंत तक लड़ाई जारी रखेंगे।

अपनी एक अन्य पोस्ट में उन्होंने महाराष्ट्र पुलिस की जिम्मेदारी पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जांच ऐसी होनी चाहिए जो उनके आदर्श वाक्य 'सद्रक्षणाय खलनिघ्रणाय' (सज्जनों की रक्षा और दुष्टों का नाश) के अनुरूप हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित