पुणे , फरवरी 11 -- महाराष्ट्र के दिवंगत पूर्व उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की याद में राज्य के बारामती में उनके परिजनों ने एक स्मारक बनाने का निर्णय लिया है।

श्री पवार की पिछले महीने के अंत में बारामती में एक विमान दुर्घटना में मौत हो गयी थी।

यहां हुई कई बैठकों के बाद यह प्रस्तावित किया गया है कि इस स्मारक में श्री अजीत पवार के जीवन और कार्यों को समर्पित एक संग्रहालय भी शामिल होना चाहिए।

प्रस्तावित संग्रहालय के स्थान को लेकर हालांकि कहा जा रहा है कि श्री अजीत पवार के पुत्र श्री जय पवार और श्री पार्थ पवार के बीच मतभेद उभर आये हैं।यह निर्णय लिया गया है कि स्मारक का निर्माण उसी 'विद्या प्रतिष्ठान' मैदान में किया जाएगा, जहां श्री अजीत पवार का अंतिम संस्कार किया गया था। श्री पार्थ पवार का मानना है कि संग्रहालय भी बारामती में उसी स्मारक स्थल पर बनाया जाना चाहिए। दूसरी ओर, श्री जय पवार का मानना है कि स्मारक तो बारामती में ही रहना चाहिए, लेकिन पुणे शहर और जिले के साथ श्री अजीत पवार के गहरे जुड़ाव और लगाव को देखते हुए संग्रहालय पुणे में स्थापित किया जाना चाहिए।

श्री अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने औपचारिक रूप से उपमुख्यमंत्री का पदभार संभालने से पहले मुंबई में पार्टी नेता छगन भुजबल, सुनील तटकरे, हसन मुश्रीफ, अदिति तटकरे और धनंजय मुंडे सहित वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी की भविष्य की रणनीति के बारे में चर्चा की।

बैठक के दौरान स्मारक का मुद्दा भी उठा और श्री जय पवार तथा श्री पार्थ पवार दोनों ने संग्रहालय के स्थान पर अपने अलग-अलग विचार व्यक्त किये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित