नयी दिल्ली , जनवरी 30 -- महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत के बाद एक बड़े घटनाक्रम के तहत, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गुट) के वरिष्ठ नेताओं के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस मुलाकात में श्री अजित पवार की पत्नी राज्य सभा सांसद सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री पद दिये जाने की संभावना बनी है।

यह बैठक श्री अजीत पवार के एक विमान हादसे में हुए दुखद निधन के बाद पार्टी के भविष्य की दिशा तय करने के लिए बुलाई गई थी। मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर हुई यह चर्चा एक घंटे से अधिक समय तक चली, जिसमें सत्ता के समीकरणों और पार्टी के अस्तित्व पर गहन मंथन हुआ।

पार्टी सूत्रों के हवाले से खबर है कि श्रीमती सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है। पार्टी के भीतर एक बड़ा धड़ा उन्हें नेतृत्व सौंपने के पक्ष में नजर आ रहा है। इसके साथ ही, इस संकट की स्थिति में एनसीपी संस्थापक शरद पवार की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि वे पार्टी का भविष्य तय करने और एनसीपी के दोनों गुटों को फिर से एक करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

इस महत्वपूर्ण बैठक में राकांपा के दिग्गज नेता प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद सुनील तटकरे और कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल शामिल हुए।

बैठक के दौरान एनसीपी नेताओं ने उन प्रमुख विभागों पर अपना दावा पेश किया, जो अब तक पार्टी प्रमुख अजीत पवार के पास थे। हालांकि, इस मुलाकात के बाद सरकार या पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित