हरिद्वार , फरवरी 05 -- दिवंगत राष्ट्रवादी नेता अजित पवार की अस्थियों का गुरुवार को धर्मनगरी हरिद्वार में पवित्र गंगा तट पर विधि-विधान से विसर्जन किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा विशेष रूप से हरिद्वार पहुँचे और वीआईपी घाट पर धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अस्थि विसर्जन संपन्न कराया।

गंगा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्री पवार की अस्थियों को प्रवाहित किया गया। अस्थि विसर्जन की पूरी प्रक्रिया उनके पारिवारिक पुरोहित अभिषेक झा द्वारा संपन्न कराई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

अस्थि विसर्जन के पश्चात राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस की ओर से राष्ट्रव्यापी अस्थि कलश यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। श्री शर्मा ने बताया कि यह यात्रा हरिद्वार से प्रारंभ होकर देश की प्रमुख पवित्र नदियों तक जाएगी, ताकि श्री पवार की विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं और समर्थकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित