मुंबई , फरवरी 11 -- महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत का मामला अब और गहराता जा रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने बुधवार को इस हादसे से जुड़ा एक नया वीडियो जारी किया और दावा किया कि अजित पवार के बेटे, पार्थ और जय पवार के मन में भी इस घटना को लेकर गंभीर संदेह हैं। उन्होंने संकेत दिया कि परिवार और पार्टी के भीतर इस हादसे को लेकर भारी अविश्वास का माहौल है।
श्री रोहित पवार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने हाल ही में पार्थ पवार से मुलाकात की है और उनके मन में कई प्रश्न हैं। उन्होंने तर्क दिया कि यह महज एक सामान्य दुर्घटना होती, तो अजित पवार गुट के नेता जैसे अमोल मिटकरी और रूपाली ठोंबरे, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने नहीं जाते। श्री रोहित के अनुसार, इन नेताओं ने श्री पार्थ और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की सलाह के बाद ही मुख्यमंत्री से मुलाकात की है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह हादसा कैसे और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी तह तक जाना जरूरी है।
विमान यात्रा के अचानक बने कार्यक्रम पर संदेह जताते हुए रोहित पवार ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अजित पवार ने पहले 27 जनवरी की शाम कार से पुणे जाने की योजना बनाई थी। लेकिन उसी शाम पूर्वी विदर्भ के एक बड़े नेता उनसे मिलने पहुंचे, जिससे उन्हें देरी हो गई। इसी देरी के कारण अजीत पवार को अपनी कार यात्रा रद्द कर अगले दिन विमान से जाने का फैसला लेना पड़ा। रोहित ने मांग की कि इसकी जांच होनी चाहिए कि क्या यह सब किसी सोची-समझी योजना का हिस्सा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित