देवरिया , फरवरी 13 -- बस्ती जिले के परशुरामपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक अजय कुमार गौड़ के ड्यूटी के दौरान दिवंगत होने की सूचना पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शनिवार को देवरिया पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे।

कांग्रेस के जिला मीडिया प्रभारी संजीव कुमार मिश्र ने बताया कि देवरिया सदर कोतवाली क्षेत्र के मुड़ाडीह गांव निवासी उपनिरीक्षक अजय कुमार गौड़ का शव सरयू नदी में बरामद हुआ था। इस घटना के बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शनिवार सायं करीब 5:30 बजे देवरिया नगर पालिका क्षेत्र के मुड़ाडीह गांव पहुंचेंगे और दिवंगत दरोगा के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त करेंगे।

उल्लेखनीय है कि उपनिरीक्षक अजय कुमार गौड़ बस्ती के परशुरामपुर थाने में तैनात थे। उनका शव वर्दी में बस्ती-अयोध्या सीमा पर सरयू नदी में मिला था। इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। दिवंगत दरोगा के भाई, जो वर्तमान में झांसी में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) के पद पर तैनात हैं, ने अपने भाई की मृत्यु की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित