बारां, अप्रैल 12 -- रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और गर्मी के मौसम में अतिरिक्त सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 09619/09620 अजमेर- रांची- अजमेर साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया है। यह ट्रेन कुल 13 फेरों में संचालित की जाएगी।

इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव बारां जिले के बारां और छबड़ा गूगोर रेलवे स्टेशनों पर भी होगा, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 09619 अजमेर- रांची समर स्पेशल निर्धारित तिथियों पर अजमेर से प्रस्थान कर विभिन्न प्रमुख स्टेशनों होते हुए रांची पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 09620 रांची- अजमेर समर स्पेशल रांची से रवाना होकर उसी मार्ग से होते हुए अजमेर पहुंचेगी।

इस ट्रेन में विभिन्न श्रेणियों के कोच लगाए जाएंगे, जिनमें स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सके।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि समर सीजन में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इस विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इससे राजस्थान, मध्यप्रदेश और झारखंड के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त कर लें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित