भीलवाड़ा , मार्च 31 -- राजस्थान में अजमेर रेंज की 27वीं पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता (2025-26) का रंगारंग समापन मंंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन, भीलवाड़ा के मैदान पर हुआ।

तीन दिनों तक चले इस खेल आयोजन में मेजबान जिला भीलवाड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 68 अंकों के साथ 'जनरल चैंपियनशिप' का खिताब अपने नाम किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि अजमेर रेंज के महानिरीक्षक राजेंद्र सिंह रहे। इस अवसर पर अजमेर, नागौर, टोंक, ब्यावर सहित रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक और उच्चाधिकारी मौजूद रहे। इस प्रतियोगिता में कुल नौ मुख्य खेलों (एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, जूडो-कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हैंडबॉल, कबड्डी, फुटबॉल और हॉकी) में खिलाड़ियों ने जोर-आजमाइश की। मुकाबले न केवल पुलिस लाइन बल्कि सुशीला देवी माथुर कन्या महाविद्यालय के मैदानों पर भी खेले गये।

एथलेटिक्स और कुश्ती स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। एथलेटिक्स (पुरुष) में सिलोरा और नागौर ने लंबी कूद, ऊंची कूद और दौड़ में शानदार प्रदर्शन किया। भीलवाड़ा ने पांच हजार मीटर और तार गोला फेंक में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

एथलेटिक्स (महिला) में नागौर की महिला खिलाड़ियों ने 100 मीटर, 400 मीटर और लंबी कूद में अपना परचम लहराया, वहीं भीलवाड़ा ने ऊंची कूद और गोला फेंक में बाजी मारी। कुश्ती में पुरुष वर्ग में भीलवाड़ा के पहलवानों ने 65, 70, 74, 79 और 92 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी ताकत का लोहा मनवाया। महिला वर्ग में नागौर और भीलवाड़ा के बीच कड़ा मुकाबला रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित