भरतपुर , मार्च 16 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर में रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान के सुल्तानपुर वन क्षेत्र में सोमवार को मोटर साइकिल से गश्त लगा रहे दो वनकर्मी बाघ आरबीटी-2511 का शिकार होते होते बच गए।

वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि सुबह बाघ अभयारण्य के सुल्तानपुर वन नाके के गाडा डूब वन क्षेत्र में माेटर साइकिल से गश्त पर निकले वनकर्मी निरंजन एवं होमगार्ड जितेंद्र शर्मा की मोटर साइकिल के सामने अचानक बाघ आरबीटी- 2511 के आ जाने से दोनों वनकर्मियों की सिट्टी पिट्टी गुम हो गई।

सूत्रों ने बताया कि अप्रत्याशित रूप से घटी इस इस घटना के दौरान बाघ के हमला करने से पहले ही वनकर्मियों ने अपनी सरकारी मोटर साइकिल मौके पर ही छोड़कर भागकर अपनी जान बचाई। हालांकि बाघ ने वनकर्मियों का पीछा नहीं किया।

इस बीच दोनों को वहां से गुजर रही एक पर्यटक जिप्सी मिल गई जिसमें सवार होकर वे वहां से निकल गये।।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें बाघ ने मोटर साइकिल की सीट पर अपनी गुस्सा निकालते हुए उसे फाड़ दिया। उसने मोटर साइकिल को जबड़ों से घसीटने की कोशिश भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित