सिरसा , नवंबर 10 -- हरियाणा के सिरसा में भगवान परशुराम चौक के नजदीक नवनिर्मित भव्य अग्रवाल सेवा सदन का लोकार्पण 15 नवंबर को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कर कमलों से होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व गृहराज्य मंत्री गोपाल कांडा करेंगे।
यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं श्री बाबा तारा जी कुटिया के मुख्य सेवक गोबिंद कांडा ने दी। उन्होंने बताया कि अग्रवाल सेवा सदन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यह सेवा सदन सिरसा वासियों के लिए एक सौगात की तरह है। शहर के बीचोबीच बनाए गए इस अग्रवाल सेवा सदन में पचास कमरे हैं। साथ ही दो बड़े वातानुकूलित हॉल बनाए गए हैं। भूमिगत पार्किंग की व्यवस्था भी सेवा सदन में रहेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने सिरसा में अग्रवाल एवं अरोड़वंश समाज के लिए दो भव्य धर्मशालाओं के निर्माण का बीड़ा उठाया था उसे साकार रूप प्रदान करने लिए भागीरथी प्रयास किए।
श्री कांडा ने बताया कि दोनों समाजों की धर्मशालाओं के लिए सरकार से बेशकीमती भूमि पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने अलॉट करवाई वहीं अपने निजी कोष से दोनों धर्मशालाओं की भूमि की रजिस्ट्री भी करवाई। अग्रवाल सेवा सदन का निर्माण पूर्ण हो चुका है जबकि अरोड़वंश सेवा सदन का निर्माण कार्य चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित