धार , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के ग्राम जामला निवासी अग्निवीर सैनिक संदीप जमरा का आकस्मिक निधन हो गया। वे लेह-लद्दाख सीमा पर तैनात थे और अवकाश मिलने पर घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार दिल्ली एयरपोर्ट पर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उनकी दिल्ली में ही मृत्यु हो गई। बताया गया कि वे वर्ष 2024 में अग्निवीर के रूप में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। परिजनों के अनुसार उनका पार्थिव शरीर मंगलवार तक पैतृक गांव जामला पहुंचने की संभावना है। दिल्ली में सेना के जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सम्मानपूर्वक सलामी दी।
संदीप के परिवार में माता, एक बड़ा भाई और एक छोटी बहन हैं, जबकि उनकी तीन बहनों का विवाह हो चुका है। पिता स्वास्थ्य कारणों से दिल्ली नहीं जा सके। उनके असामयिक निधन से गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके देशसेवा के जज्बे को याद किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित