रांची , मार्च 03 -- आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस, रांची ने झारखंड के सभी जिलों के द्वितीय चरण में शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली की तिथि और स्थल की घोषणा कर दी है।
जारी सूचना के अनुसार भर्ती रैली का आयोजन मगध विश्वविद्यालय मैदान, बोधगया, बिहार में किया जाएगा।
पुरुष अभ्यर्थियों के लिए रैली 18 मार्च को आयोजित होगी। सभी पुरुष अभ्यर्थियों को 17 मार्च की मध्यरात्रि तक अनिवार्य रूप से रैली स्थल पर रिपोर्ट करना होगा।
गेट खुलने का समय रात्रि 12:30 बजे (0030 बजे) निर्धारित किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वहीं महिला सैन्य पुलिस के लिए शॉर्टलिस्ट की गई बालिका अभ्यर्थियों को 16 मार्च 2026 की मध्यरात्रि तक रिपोर्ट करना होगा। इनके लिए 17 मार्च 2026 को शारीरिक दक्षता परीक्षा और पीएमटी आयोजित की जाएगी।
सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ आवश्यक मूल प्रमाण पत्र, एडमिट कार्ड तथा अन्य जरूरी दस्तावेज अनिवार्य रूप से लाने का निर्देश दिया गया है। दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारी की जा रही है। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट ज्वाइन इंडियन आर्मी पर विजिट कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित