बीकानेर , फरवरी 01 -- राजस्थान में बीकानेर के स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के खेल स्टेडियम में 29 जनवरी से 18 फरवरी तक आयोजित हो रही अग्निवीर भर्ती रैली के चौथे दिन रविवार को युवाओं का उत्साह चरम पर नजर आया।
बीकानेर, हनुमानगढ़, झुंझुनू और श्रीगंगानगर जिलों के युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेते हुए भारतीय सेना में शामिल होने का जज्बा प्रदर्शित किया।
सेना भर्ती कार्यालय झुंझुनू से आए सूबेदार मेजर बलजिंदर सिंह गिल (एआरओ) ने रविवार को यहां कहा कि सेना में शामिल होना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि देश सेवा का गौरवपूर्ण अवसर है। चयनित होने वाले प्रत्येक युवा पर देश की सुरक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व होता है।
सेना भर्ती प्रभारी कर्नल अंकुर कुमार ने बताया कि रैली के इस चरण में करीब 600 युवा मैदान में उपस्थित हुए। सर्द मौसम और ठंडी हवाओं के बावजूद युवाओं के चेहरे पर थकान नहीं बल्कि देशभक्ति का जोश साफ दिखाई दिया। हर अभ्यर्थी की आंखों में भारतीय सेना की वर्दी पहनने का सपना झलक रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित