जगदलपुर , मार्च 09 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर आकाश छिकारा ने अग्निवीर भर्ती अभियान की जानकारी देते हुए छात्रों को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
श्री छिकारी ने सोमवार को कहा कि वर्दी का अपना अलग ही उत्साह और सम्मान होता है तथा यह युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हुए देश सेवा का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।
कार्यक्रम में कलेक्टर ने छात्रों से संवाद करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्रों से पूछा कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहते हैं और अपने जीवन में शिक्षा को किस प्रकार देखते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज और देश के विकास में योगदान देने का महत्वपूर्ण साधन भी है। उन्होंने कहा कि आज का शिक्षित और जागरूक युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कलेक्टर छिकारा ने कहा कि अग्निवीर योजना युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जो उन्हें अनुशासन, प्रतिष्ठा और आर्थिक सशक्तिकरण प्रदान करती है। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की सलाह देते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया में सफलता के लिए नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प आवश्यक है। जिला प्रशासन की ओर से भी युवाओं को भर्ती प्रक्रिया से संबंधित तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता की तैयारी के लिए आवश्यक सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि भविष्य में किसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा के लिए अन्य शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए जाते हैं और जिले से 50 से अधिक परीक्षार्थी उस परीक्षा में शामिल होने जाते हैं, तो जिला प्रशासन द्वारा उनके आवागमन और आवास की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में सेना भर्ती कार्यालय की ओर से कर्नल अरुण कालिया ने अग्निवीर थल सेना भर्ती की प्रक्रिया, पात्रता, शारीरिक मापदंड और लिखित परीक्षा की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में भर्ती के लिए पंजीयन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत परीक्षा केंद्र जगदलपुर में ही निर्धारित किया गया है, जिससे जिले और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को विशेष सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर विंग कमांडर जेपी पात्रो, सूबेदार बीपी द्विवेदी, सूबेदार अरविंद कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग जीआर सोरी, उप संचालक जय प्रकाश कौशिक, रोजगार अधिकारी श्वेता वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों और महाविद्यालयों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा जारी अधिसूचना 13 फरवरी को जारी की गई है। इसके अंतर्गत भारतीय सैन्य बलों में अग्निवीर पुरुष जनरल ड्यूटी, तकनीकी, लिपिक एवं स्टोरकीपर, ट्रेडमैन (10वीं पास), ट्रेडमैन (8वीं पास), अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) तथा स्थायी कैडर के अंतर्गत नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट वेट और सिपाही फार्मा के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित