पटना , दिसंबर 05 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और नागर विमानन विभाग के जरिए अगले पांच वर्षों में बड़ी संख्या में युवाओं को उद्यमिता के अवसर प्रदान करने के लिये विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार दिलाने का निर्णय लिया गया है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया है कि बिहार में जल्द तीन नए विभाग युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और नागर विमानन विभाग खुलेंगे। इन तीन नए विभागों के सृजन से राज्य में ज्यादा से ज्यादा युवाओं को नौकरी एवं रोजगार दिलाने में काफी मदद मिलेगी।

श्री कुमार ने एक्स पर लिखा, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने अगले पांच वर्षों (2025-30) में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए जरूरी है कि राज्य में ज्यादा से ज्यादा युवाओं को कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण दिया जाए और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च एवं तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही लक्ष्य की उपलब्धि के लिए अनुश्रवण भी किया जाए।

श्री कुमार ने बताया कि इसके लिए राज्य में अलग से तीन नए विभाग- युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग तथा नागर विमानन विभाग सृजित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि इन तीन नए विभागों के सृजन से राज्य में ज्यादा से ज्यादा युवाओं को नौकरी एवं रोजगार दिलाने में काफी मदद मिलेगी। युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग के जरिए अगले पांच वर्षों में बड़ी संख्या में युवाओं को उद्यमिता के अवसर प्रदान करने के लिये विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार दिलाने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा विभाग के सृजन का उद्देश्य है कि उच्च शिक्षा में गुणात्मक सुधार हो, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा मिले, तकनीकी एवं व्यवसायिक शिक्षा का विकास हो और समाज के सभी वर्गों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण रोजगारपरक शिक्षा मिल सके। उन्होंने बताया कि राज्य में कई नए हवाई अड्डों का निर्माण हो रहा है एवं भविष्य में उड़ान योजना के तहत कई बड़े-छोटे नए हवाई अड्डों का निर्माण प्रस्तावित है। राज्य में अलग से नागर विमानन विभाग के सृजन से इसमें तेजी आएगी, औद्योगिक वातावरण बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और इससे राज्य में निर्मित उत्पादों के निर्यात में मदद मिलेगी।

श्री कुमार ने बताया कि इसके अतिरिक्त राजग सरकार ने अलग से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) निदेशालय एवं बिहार विपणन प्रोत्साहन निगम सृजित करने का भी निर्णय लिया है, जिससे युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देने के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सकेगा। एमएसएमई निदेशालय का गठन कर युवाओं को एमएसएमई से संबंधित कौशल विकास के लिए प्रत्येक जिले में मेगा स्किल सेंटर की स्थापना की जाएगी जिससे राज्य के युवाओं को अधिक से अधिक नौकरी, रोजगार का अवसर मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार विपणन प्रोत्साहन निगम के सृजन से राज्य में कृषि, पशुपालन, बागवानी एवं खाद्य प्रसंस्करण के साथ-साथ हस्तशिल्प, ग्रामीण उद्योग, लघु एवं कुटीर उद्योग जैसे उत्पादों की उपलब्धता, गुणवत्ता एवं वितरण व्यवस्था सुदृढ़ होगी और बड़ी संख्या में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं के सुखद भविष्य के लिए राजग सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। बिहार के युवा दक्ष एवं आत्मनिर्भर हों, उन्हें रोजगार के नए अवसर मिले, उनका भविष्य सुरक्षित हो इसके लिए राजग सरकार कृतसंकल्पित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित