तेहरान , दिसंबर 11 -- ईरान की मजलिस (संसद) के अध्यक्ष मोहम्मद बघेर ग़ालिबाफ़ ने कहा है कि अगर अमेरिका उनके देश पर हमला करता है तो वे भी इजरायल और अमेरिका दोनों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के लिये तैयार हैं।

कैस्पियन पोस्ट की ओर से प्रकाशित एक ख़बर के अनुसार, श्री ग़ालिबफ़ ने एक आपातकालीन बैठक के दौरान कहा कि इजरायल और अमेरिका का सामना करने के अलावा ईरान आर्थिक, संज्ञानात्मक-मनोवैज्ञानिक और 'सैन्य-आतंकवाद' के मोर्चे पर भी जंग लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ईरान पर हमला करता है, तो वह इजरायल और पूर्वी एशिया में मौजूद अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर हमला करेंगे।

रिपोर्ट में कहा गया, "अगर अमेरिका हमारे ऊपर सैन्य हमला करता है तो उनके कब्जे के दोनों क्षेत्रों यानी इजरायल और अमेरिकी सैन्य-नौसेना ठिकाने हमारे निशाने पर आ जायेंगे।"श्री ग़ालिबाफ़ ने कहा, "हम खुद को कार्रवाई के बाद प्रतिक्रिया देने तक सीमित नहीं मानते हैं। हम खतरे के किसी भी ठोस संकेत के आधार पर कार्रवाई करेंगे।" इस संसदीय सत्र के दौरान सांसदों ने "अमेरिका मुर्दाबाद" के नारे लगाये। यह घटना तब हुई जब अमेरिकी न्यूज़ वेबसाइट एक्सियोस ने बताया कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ फोन पर गाजा, सीरिया और ईरान में विरोध प्रदर्शनों पर चर्चा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित