पटना , जनवरी 21 -- अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ का 18 वां राष्ट्रीय अधिवेशन 23 - 26 जनवरी तक महाराष्ट्र के शिर्डी में आयोजित हो रहा है।
अधिवेशन में देशभर से विभिन्न राज्यों से लगभग 1000 कर्मचारी प्रतिनिधि के रूप में भाग लेंगे। बिहार से अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ से महामंत्री सुबेश सिंह के नेतृत्व में 40 प्रतिनिधि राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने के लिए शिर्डी के लिए रवाना हो रहे हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस अधिवेशन में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के बीच सांगठनिक मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही पुरानी पेंशन व्यवस्था, नए चार श्रम कानून, आठवें वेतन आयोग को समयबद्ध लागू कराने, महंगाई भत्ते एवं बढ़ती महंगाई पर रोक, इपीएस - 95 , ठेका संविदा की नियुक्तियों पर रोक, रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्ति , मुनाफे में चलने वाली सार्वजनिक क्षेत्र की बेचने की कार्रवाई पर रोक इत्यादि मुख्य विषय चर्चा के केंद्र में रहेंगे।
कर्मचारी महासंघ के महामंत्री सूबेश सिंह ने कहा कि, यह अधिनियम देशभर के कर्मचारियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा तथा नए उर्जा का संचार करेगा। कहा कि केन्द्रीय ट्रेड यूनियनों एवं सेवा संगठनों के आह्वान पर 12 फरवरी की राष्ट्रीय आम हड़ताल में महासंघ मजबूती से शामिल होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित