नयी दिल्ली , जनवरी 19 -- केरल की मनोरम प्रकृति और विविधता पूर्ण संस्कृति को दिखाने वाली अखिल भारतीय फोटो प्रदर्शनी 'लेंसस्केप केरल' की शुरुआत 20 जनवरी को दिल्ली से होगी।
इस फोटो प्रदर्शनी का आयोजन केरल के पर्यटन विभाग द्वारा किया जा रहा है। इसमें देश के 10 प्रमुख ट्रैवल और मीडिया फोटोग्राफरों की 100 चुनिंदा फोटो दिखायी जायेंगी। गुजरात के सूरत में 31 मार्च को इसका समापन होगा।
केरल के पर्यटन मंत्री पी.ए. मोहम्मद रियास 20 जनवरी को शाम 4.30 बजे दिल्ली के त्रावणकोर पैलेस आर्ट गैलरी में प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय राजधानी में यह प्रदर्शनी तीन दिन तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगी और उसके बाद नौ अन्य शहरों में लगायी जायेगी।
प्रत्येक फोटोग्राफर ने इस प्रोजेक्ट के तहत पांच दिन तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में यात्रा की और प्रकृति, वन्य जीव, विरासत, ग्रामीण और तटीय जीवन, वास्तुकला, त्योहारों और आध्यात्मिकता जैसे कई विषयों को कैमरे में कैद किया। इस प्रदर्शनी को जानी-मानी कला क्यूरेटर और समीक्षक उमा नायर ने क्यूरेट किया है। प्रसिद्ध वन्य जीव एवं संरक्षण फोटोग्राफर बालन माधवन डायरेक्टर ऑफ द फोटोग्राफी हैं।
केरल सरकार के पर्यटन सचिव के. बीजू ने कहा, "ऐसे समय में जब यात्री नये, पूरी तरह से मन मोह लेने वाले यादगार अनुभव चाहते हैं, लेंसस्केप केरल एक चलन स्थापित करने वाली पहल है।'भगवान के अपने देश' के अलग-अलग आकर्षणों की शानदार झलकियां दिखाकर, यह शो आगंतुकों को अपनी पसंद चुनने में मदद करेगा।"प्रदर्शनी का आयोजन वडोदरा (27-29 जनवरी), अहमदाबाद (3-5 फरवरी), मुंबई (12-14 फरवरी), पुणे (18-20 फरवरी), बेंगलुरु (27 फरवरी-1 मार्च), चेन्नई (4-7 मार्च), हैदराबाद (12-14 मार्च), कोलकाता (22-24 मार्च) में भी होगा। प्रदर्शनी आखिर में 29 मार्च को सूरत पहुंचेगी और 31 मार्च को वहीं खत्म होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित