चंडीगढ़ , मार्च 23 -- पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को और मजबूत करने के लिए अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने बड़ा ऐलान किया है। संगठन ने पूरे प्रदेश में 'नशा मुक्ति यात्राएं' निकालने का निर्णय लिया है, जिसकी शुरुआत लुधियाना से की जाएगी। यह फैसला चंडीगढ़ में आयोजित पंजाब कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया।
बैठक में संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बच्चू सिंह बैंसला विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान सर्वसम्मति से कमलदेव चौहान को पंजाब इकाई का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया और उन्हें अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कमलदेव चौहान ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर उन्हें सही दिशा देना है। उन्होंने बताया कि राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया द्वारा चलाए जा रहे 'नशा मुक्त पंजाब' अभियान से प्रेरित होकर गुर्जर समाज भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएगा। संगठन राज्यपाल की मुहिम के साथ कदम से कदम मिलाकर काम करेगा।
श्री चौहान ने कहा कि पंजाब को विकास की राह पर आगे बढ़ाने के लिए नशा मुक्ति सबसे जरूरी है। इसके तहत संगठन गांव-गांव जाकर युवाओं को जागरूक करेगा और समाज को इस बुराई से दूर करने का प्रयास करेगा।
इसके साथ ही महासभा ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर भी अपनी रणनीति साफ की। नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश में गुर्जर समाज की आबादी करीब 9 प्रतिशत है, जो चुनावों में अहम भूमिका निभा सकती है। संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर समाज को एकजुट करेंगे और चुनाव के समय अपने समर्थन का खुलकर ऐलान करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित