पटना , जनवरी 24 -- अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के क्लीनिकल एडवाइजरी बोर्ड के चेयरमैन और जाने-माने रेटिना विशेषज्ञ डॉक्टर राजवर्द्धन आजाद ने शनिवार को कहा कि अस्पताल बच्चों को अंधेपन से बचाने के लिए राज्यव्यापी निःशुल्क स्क्रीनिंग कार्यक्रम चलाएगा।

इस कार्यक्रम के तहत तहत राज्यभर के अस्पतालों में प्रीमेच्योर (समय पूर्व) जन्मे बच्चों के आंखों की निःशुल्क जांच की जाएगी। अत्याधुनिक उपकरण से लैस प्रशिक्षित ऑप्टोमेट्रिस्ट एवं तकनीशियन के जरिए फंडस कैमरों के माध्यम से अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल में बच्चों की जांच की जाएगी और अस्पताल के रेटिना विशेषज्ञ फंडस इमेज के आधार पर परामर्श देंगे।

डॉ. आजाद ने मस्तिचक स्थित अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमेच्योरिटी( आरओपी) के राष्ट्रीय वैज्ञानिक सत्र को संबोधित करते हुए इस बीमारी के इलाज के लिए उपलब्ध पुरानी और नयी तकनीक के बारे में बताया।

सत्र के दौरान बंगलोर से आए डॉ. आनंद विनेकर, रायपुर के डॉ. अनिल गैंग्वे ने आरओपी की नयी तकनीक का प्रस्तुतिकरण दिया।

कार्यक्रम के सूत्रधार अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के रेटिना विभाग के हेड डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि रविवार तक चलनेवाले दो दिनों के राष्ट्रीय सेमिनार में स्त्री एवं शिशु रोग विशेषज्ञ भी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि बिहार के अस्पतालों के नीकू में प्रीमेच्योर बच्चों के आंखों की स्क्रीनिंग होगी। इसके लिए उनके साथ समन्वय किया जा रहा है।

डॉ. संतोष ने बताया कि जन्म के 30 दिनों के भीतर आरओपी करके प्रीमेच्योर शिशुओं को अंधेपन से बचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जीवनशैली में बदलाव और कुपोषण के कारण समय पूर्व प्रसव के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे बच्चों की रेटिना विकसित नहीं हो पाती और समय रहते इलाज नहीं होने पर ऐसे बच्चे अंधेपन के शिकार हो जाते हैं।

अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के चिकित्सा निदेशक डॉ. अजीत पोद्दार ने बताया कि अखंड ज्योति अंधापन निवारण के अपने वादे के तहत राज्यव्यापी आरओपी का निःशुल्क स्क्रीनिंग अभियान चलाएगा। आरओपी पर राष्ट्रीय कार्यशाला में नेपाल के डॉ. ललित अग्रवाल,चंडीगढ़ के मंगत राम डोगरा, पूणे की डॉ. सुचेता कुलकर्णी, कोलकाता के डॉ. अभिजीत चट्टोपाध्याय, भुवनेश्वर के डॉ. तापस रंजन, नयी दिल्ली के डॉ. पारिजात चंद्रा, डॉ. शौर्य आजाद, बंगलोर के डॉ स्नेहल बावस्कर, अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के डॉ. आयुष, डॉ. सुमित, डॉ. मंजूषा समेत देशभर के जाने-माने रेटिना विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित